Sun. Aug 30th, 2026

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर खिलाड़ियों एवं शारीरिक शिक्षकों को किया सम्मानित

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

 बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं खेल विभाग बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन बेगूसराय (खेल विभाग) के संयुक्त तत्वाधान में राष्ट्रीय खेल दिवस का शानदार आगाज आज बी पी इंटर विद्यालय, बेगूसराय में हुआ। इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के अलग-अलग उम्र वर्ग के विभिन्न खेल के टीमों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन खिलाड़ियों से हाथ मिला कर जिला पदाधिकारी श्री रिची पाण्डेय जी, उप विकास आयुक्त श्री आकाश कुमार, एस पी श्री मनीष कुमार, उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा श्री बिट्टू कुमार सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री मनोज कुमार एवं विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती कामिनी कुमारी ने किया तथा हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

जिला पदाधिकारी ने खिलाडियों का मनोबल बढ़ाया और कहा कि खेल से एकता का संदेश मिलता है और उम्मीद करता हूँ कि बेगूसराय के ये बच्चे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बिहार का नाम रौशन करें ऐसी मेरी शुभकामनाएं है। उन्होंने पंचायत स्तर पर बने सभी खेल मैदानों का सर्वे कराने का आदेश दिया एवं शारीरिक शिक्षक तथा खेल संघों की सहायता से ग्रामीण स्तर से जिला स्तर तक खेल एवं खिलाड़ियों को खेल के प्रति जागरूक करने का कार्य किया जायेगा। आज के युवा जो नशा एवं अन्य नकारात्मक दिशा में भटक रहें हैं उनको खेल से जोड़ने का काम किया जायेगा जिससे समाज के युवा सही दिशा में आगे चल कर जिले का नाम रौशन करेंगे।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने यह शपथ ली कि वह जीवन में हर रोज एक घंटा का समय खेल में देंगे और समाज में जाकर के लोगों को खेल के लिए जागरूक करेंगे।

जिला खेल पदाधिकारी श्री बिट्टू कुमार सिंह ने कहा कि हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हॉकी में भारत को एक अलग पहचान दिलाई और उनकी बदौलत भारत ओलंपिक में कई बार स्वर्ण पदक जीता. एक साधारण परिवार से निकलकर अभाव में संघर्ष करते हुए खेल के द्वारा उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। उनका जीवन युवकों और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है। आज संपूर्ण राष्ट्र उनकी उपलब्धि को याद कर रहा है। खेल अधिकारी ने सभी से खेल को लेकर के जागरूक होने की अपील की और कहा कि जीवन में खेल हमें शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत करती है और हमें अनुशासित बनाती है। हम सब खेल के महत्व को समझें और लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें।

इस अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए जिला जिला शिक्षा पदाधिकारी ने खिलाड़ियों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद जतायी और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशाषित एवं निरंतर अपने खेल पर ध्यान देने को कहा। उन्होंने विशेष रूप से योग विधा में प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों अनुष्का कुमारी एवं सतराज कुमार के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

खेल दिवस के अवसर पर वॉलीबॉल बालिका खेल के आयोजन में बी पी उच्च विद्यालय की टीम ने 2-0 से ज्ञानभारती विद्यालय को हराया। हैंडबॉल खेल विधा में टाउनशिप हैंडबॉल क्लब बालक कि टीम ने बी आर डी ए वी पब्लिक स्कूल बरौनी रिफाइनरी को 10-08 से पराजित किया । हॉकी खेल विधा में महात्मा गाँधी उच्च विद्यालय के बालिका की टीम ने परियोजना बालिका बदलपुरा को 2-1 से पराजित किया। वहीं फुटबॉल खेल विधा के बालक वर्ग में सरदार पटेल क्लब बेगूसराय ने मटिहानी फुटबॉल क्लब कि टीम को पेनाल्टी शूट आउट में 4-2 से पराजित किया।

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिला पदाधिकारी ने सभी विजेता एवं उप विजेता टीम को कप देकर एवं आयोजन को सफल बनाने हेतु शारीरिक शिक्षकों को उप विकास आयुक्त, बेगूसराय के द्वारा मोमेंटो देकर सम्मानित किया। खेल गतिविधि में शामिल सभी खिलाड़ियों को बिस्किट, पानी आदि कि व्यवस्था खेल कार्यालय के द्वारा दी गयी।

फुटबॉल खेल विधा में निर्णायक के रूप में रौशन कुमार राय, अमन कुमार एवं सुजीत कुमार तथा वॉलीबॉल खेल विधा में कृष्ण कुमार, अभिजीत कुमार मौजीद थे। हैंडबॉल में डब्लू कुमार एवं रुपेश कुमार तथा हॉकी में बाबुल कुमार एवं अरविंद कुमार ने निर्णायक की भूमिका निभायी।

इस अवसर पर जिला खेल संयोजक विश्वजीत कुमार, शारीरिक शिक्षक, चिरंजीवी कुमार ठाकुर, राजेश कुमार रौशन, दीपक कुमार दीप, कन्हैया भारद्वाज, मणिकांत कुमार, निखर कुमार, केशव कुमार आदि मौजूद रहें।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed