न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
बेगूसराय जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री द्वारा प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम के अंतर्गत भगवानपुर प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया गया तथा जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी द्वारा सभी जिला स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों के साथ बैठक की गई।

सर्वप्रथम जिला पदाधिकारी द्वारा जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों की समीक्षा की गई। कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने प्रखंड कृषि पदाधिकारी को यूरिया एवं पोटाश की बिक्री करने वाले दुकानों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने सभी उर्वरक विक्रेताओं को अपने-अपने दुकानों पर खाद की निर्धारित दर सूची स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया, ताकि आम नागरिकों को उचित मूल्य की जानकारी प्राप्त हो सके।
सांख्यिकी विभाग की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया की गहन मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि सभी पंचायतों में पंचायत सरकार भवन निर्धारित समय पर खुले रहें तथा रोस्टर के अनुसार कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित हो।

जी-राम-जी योजना की समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने क्षेत्र में योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार का निर्देश दिया। इसके उपरांत जिला पदाधिकारी द्वारा जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं को सुना गया। जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
तत्पश्चात आम नागरिकों से संवाद स्थापित करते हुए जिला पदाधिकारी द्वारा उनकी समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान नागरिकों द्वारा विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए, जिनके ससमय निष्पादन हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी द्वारा सात निश्चय भाग-3 से संबंधित सभी बिंदुओं की विस्तृत जानकारी उपस्थित जनप्रतिनिधियों को दी गई।
जिला पदाधिकारी ने उपस्थित सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम जनता द्वारा कार्यालयों में योजनाओं अथवा समस्याओं से संबंधित प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि लाभ से संबंधित आवेदनों की जांच कर पात्र लाभुकों को प्रखंड स्तर पर ही ससमय लाभ उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से जिला मुख्यालय का चक्कर न लगाना पड़े।

उन्होंने अंचलाधिकारी को भूमि विवाद, परिमार्जन, दाखिल-खारिज आदि मामलों को गंभीरता से लेते हुए अंचल स्तर पर ही सुनवाई एवं निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही राजस्व पदाधिकारियों एवं राजस्व कर्मियों को सभी कार्यों का ससमय निष्पादन करने का निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता की सूचना मिलने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर सिविल सर्जन, बेगूसराय; जिला पंचायत राज पदाधिकारी; अनुमंडल पदाधिकारी, तेघड़ा; प्रखंड विकास पदाधिकारी, भगवानपुर; अंचलाधिकारी, भगवानपुर सहित अन्य जिला स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

