बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
केंद्र सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार एवं युवाओं को रचनात्मक कार्यों से जोड़ने के लिए नेहरू युवा केंद्र प्रत्येक जिले में कार्य करती है किंतु बेगूसराय जिले में नेहरू युवा केंद्र पदाधिकारियों के लिए लूट का जरिया बना हुआ है।
आज विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं के द्वारा जब 11:00 बजे नेहरू युवा केंद्र कार्यालय पर पहुंचा तो वहां पर कोई भी पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित नहीं थे। केवल सफाई कर्मचारी का एक नाबालिग भांजा वहां बैठा था। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 15 कार्यकर्ताओं ने झंडा लेकर नारा लगाते हुए उक्त ऑफिस पर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सोनू सरकार एवं नगर मंत्री पुरुषोत्तम कुमार ने कहा कि जिस नेहरू युवा केंद्र से कई प्रकार के जागरूकता एवं युवाओं में रचनात्मकता लाने का कार्यक्रम चलना चाहिए, उस नेहरू युवा केंद्र के पदाधिकारी ही अधिकांश समय कार्यालय नहीं आते हैं। घर से ही उनका कार्यालय चलता है। जिले के प्रभारी बने हुए पदाधिकारी कभी-कभी कार्यालय आते हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के द्वारा युवाओं के सर्वांगीण विकास हेतु चलाए जा रहे हैं। प्रत्येक योजनाओं का पैसा ये अपनी जेब में रख लेते हैं एवं फर्जी बिल बाउचर बनाकर राज्य कार्यालय को रिपोर्टिंग कर देते हैं। इस बात का पुख्ता सबूत है। साथ ही अपने गुंडों के माध्यम से स्वयं सेवकों को धमकए हुए रहते हैं।
प्रत्येक प्रखंड में कार्यक्रम आयोजन, प्रचार प्रसार तथा खेलकूद सामग्री वितरण किया जाना चाहिए। जिसमें से कोई भी कार्यक्रम नहीं होता है। किंतु कार्यक्रम के नाम पर पैसा निकल जाता है।
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अविगत कुमार एवं पूर्व कॉलेज अध्यक्ष आदित्य राज ने बताया कि विगत दिनों ऊलाव में बेगूसराय प्रखंड का खेल कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिसकी जानकारी बेगूसराय के स्वयंसेवक को भी नहीं है, साथ ही बीरपुर में भी खेल के आयोजन की जानकारी वीरपुर के स्वयंसेवक को नहीं है।
विद्यार्थी परिषद ऐसे भ्रष्टाचारी पदाधिकारियों के खिलाफ अब बिगुल फूंक चुकी है तथा हमारा आंदोलन लगातार चलता रहेगा।
उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में मात्र 13 प्रतिभागी भाग लिए क्योंकि जागरूकता के नाम पर केवल पैसा निकाल लिया गया एवं जागरूकता हेतु किसी भी प्रकार की गतिविधि नहीं चलाई गई।
एबीवीपी कॉलेज इकाई के कार्यकर्ता प्रह्लाद कुमार एवं अंकित कुमार ने कहा कि आज के समय में जहां युवाओं की भागीदारी हेतु केंद्र सरकार करोड़ों रुपया नेहरू युवा केंद्र के माध्यम से खर्च कर रही है। वही बेगूसराय का नेहरू युवा केंद्र उन युवाओं को केवल आमदनी के स्रोत के रूप में प्रयोग कर रहा है।
नगर सह मंत्री शांतनु कुमार एवं अंशु कुमार ने कहा कि प्रत्येक प्रखंड में क्लब के माध्यम से खेलकूद सामग्री का वितरण होना चाहिए किंतु आज तक सामग्री वितरण नहीं हुआ और पैसे की निकासी की गई है।
वही एबीवीपी के कार्यकर्ता बंटी गौतम और राहुल कुमार ने बताया कि यहां के पदाधिकारी स्वयंसेवकों पर भी फर्जी रिपोर्टिंग हेतु दबाव बनाते हैं और स्वयं भी फर्जी बिल वाउचर के माध्यम से पैसे की उगाही करते हैं।
एबीवीपी बेगूसराय डीडीसी एवं राज्य निदेशक से यह मांग करती है कि उक्त फर्जीवाड़े की जांच जल्द से जल्द हो एवं दोषी पदाधिकारियों पर कठोर कार्रवाई हो ताकि समाज में नेहरू युवा केंद्र जन जागरूकता का माध्यम बन सके।
मौके पर नमन, राहुल, राजीव, तपन, अमूल सहित कई कार्यकर्ता धरना में उपस्थित थे।