बेगूसराय ::–
विजय कुमार सिंह ::–
3 मार्च 202, बुधवार
खेल एवं खिलाड़ियों के समग्र उत्थान को संकल्पित अखिल भारतीय खेल संगठन क्रीड़ा भारती, राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न खेल विधा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उत्तर बिहार के 30 खिलाड़ियों की मां को राजमाता जीजाबाई सम्मान से सम्मानित करेगी।
सात मार्च को बेगूसराय के सिंघौल में स्थित हर्ष गार्डन में बिहार के उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद इन माताओं को सम्मानित करेंगे। मौके पर बिहार सरकार के कला संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री आलोक रंजन झा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तर पूर्व क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक रामदत्त चक्रधर, क्रीड़ा भारती के राष्ट्रीय महामंत्री राज चौधरी, राष्ट्रीय मंत्री संजय तिवारी, राष्ट्रीय सह मंत्री मधुमय नाथ, राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य राजेश्वर राज, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक कुमार सुशील, क्रीड़ा भारती के प्रांतीय अध्यक्ष चंद्रशेखर अधिकारी, प्रांतीय मंत्री अमित ठाकुर एवं विभिन्न अनुषंगी संगठन के प्रमुख पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की जोरदार तैयारी की जा रही है।
इससे पहले छह मार्च को यहां क्रीड़ा भारती के उत्तर बिहार एवं दक्षिण बिहार प्रांत का प्रशिक्षण वर्ग होगा। जिसका शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक रामकुमार जी करेंगे।
मौके पर क्रीड़ा भारती के राष्ट्रीय स्तर से लेकर जिला स्तर तक के सभी पदाधिकारी एवं अनुषंगी संगठनों के प्रमुख पदधारक उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ योग, प्राणायाम और सूर्य नमस्कार के बाद ध्वजारोहण कर किया जाएगा। इसके बाद तीन सत्र में प्रशिक्षण वर्ग, संयुक्त प्रांत कार्यकारिणी की बैठक तथा जिला कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जाएगी। इस दौरान दोनों प्रांत द्वारा संयुक्त रुप से चित्र प्रदर्शनी का आयोजन तथा सिवान, दरभंगा एवं बेगूसराय के खिलाड़ियों द्वारा बॉल बैडमिंटन का प्रदर्शन मैच होगा। रात में बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
जिला मंत्री रणधीर कुमार ने बताया कि क्रीड़ा भारती का मुख्य उद्देश्य भारत में स्थापित खेलों के साथ-साथ स्वदेशी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के परंपरागत खेलों को बढ़ावा देना है।
मीडिया प्रभारी सुरेन्द्र किशोरी ने बताया कि क्रीड़ा भारती द्वारा छत्रपति शिवाजी जैसे शूरवीर को तैयार करने वाली जीजामाता के नाम से राजमाता जीजाबाई सम्मान से राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर खेलने वाले खिलाड़ियों की माताओं को सम्मानित किया जाता है।