बेगूसराय ::–
विजय कुमार सिंह ::–
07 नवंबर 2020 शनिवार
बेगूसराय की जागरूक महिलाएं अब दीपावली में अपने घरों को रोशन करने के लिए बाजार के भरोसे नहीं रहेगी। बल्कि खुद मोमबत्ती बनाकर दीपावली में अपने घर में रोशनी बिखरेगी। इसकी शुरुआत शनिवार को त्रिवेणी द्वारा की गई है।
जिला मुख्यालय के मियांचक में आयोजित कार्यक्रम में त्रिवेणी संस्था के बैनर तले तीन दर्जन से अधिक महिलाओं ने रंग बिरंगी मोमबत्ती बनाकर लोगों को अचंभित कर दिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए अध्यक्ष रामदेव राय, सामाजिक कार्यकर्ता गौरव मित्तल, वार्ड पार्षद राजेश प्रसाद जावेद अंसारी एवं नगीना महतों आदि ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोरोना काल में आत्मनिर्भर भारत, आत्मनिर्भर बिहार का नारा दिया है। हम सब लंबे समय से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
समय-समय पर विभिन्न कुटीर उद्योग रोजगार प्रशिक्षण का आयोजन कर, उन्हें कुटीर उद्योग के लिए प्रेरित किया जा रहा है। हम गांव-गांव जाकर ग्रामीण महिलाओं को प्रशिक्षित कर उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए गीतांजलि ने बताया कि त्रिवेणी एक सामाजिक संस्था है और 2018 से ही होली और रक्षाबंधन के समय राखी एवं हर्बल अबीर, अनंत बनने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कोरोना काल में मास्क बनाकर लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में कार्य किए गए।
अब दीपावली के समय महिलाओं को मोमबत्ती बनाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे कम खर्च में मोमबत्ती बनाकर एक ओर अपने घर को रोशन कर सकें, तो दूसरी ओर स्थानीय लोगों को भी सस्ते में मोमबत्ती उपलब्ध कराकर अपना आर्थिक सशक्तिकरण के साथ-साथ समाज को भी बचत के लिए प्रेरित कर सकें।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान साधारण मोमबत्ती, रंग बिरंगे मोमबत्ती एवं फ्लोटिंग मोमबत्ती बनाने के लिए तीन दर्जन से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षित किया गया है। आगे भी दीपावली तक यह सिलसिला लगातार जारी रहेगा। इस प्रशिक्षण में अनुपमा मैम का भी सराहनीय सहयोग मिला।
इस मौके पर सक्रिय सदस्य रजनी सिन्हा, आशा देवी, दुर्गा देवी, रानी देवी, अर्चना देवी, मुन्नी देवी, पूजा कुमारी भी मौजूद थी।



