बेगूसराय ::–
विजय श्री ::–
24 जुलाई 2020 शुक्रवार
बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ, नगर ईकाई बेगूसराय एवं YNN शिक्षक टीम के शिष्टमंडल ने जिला शिक्षा पदाधिकारी रजनीकांत प्रवीण से मुलाकात कर जिले के शिक्षकों के विभिन्न समस्याओं से अवगत कराते हुए 11 सूत्री माँग पत्र सौंपा।
इस अवसर पर नगर इकाई एवं YNN टीम के द्वारा अंगवस्त्र तथा माँ भारती के तैल चित्र से जिला शिक्षा पदाधिकारी को सम्मानित किया गया। शिष्टमंडल में मौजूद शिक्षकों ने निम्न समस्याओं की और जिला शिक्षा पदाधिकारी का ध्यान आकृष्ट करवाते हुए इसके सकारात्मक समाधान की अपेक्षा की। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने भी लॉक डाउन के बाद विभिन्न समस्याओं पर पहल कर उसके समाधान का आश्वासन दिया।
1:-जिले के विद्यालयों को वित्तीय वर्ष 2019-20 में अनुदान की राशि दी गयी थी जिसका उपयोगिता प्रमाणपत्र विद्यालयों की ओर से ससमय विभाग को उपलब्ध करवा दिया गया था किन्तु विभागीय लापरवाहीे से प्राथमिक/मध्य/माध्यमिक विद्यालयों उपयोगिता प्रमाणपत्र का समायोजन नही किया जा सका है जिससे जिले के विद्यालयों को 2020-21 का अनुदान अभी तक नही मिल सका है।
सरकार के द्वारा इस कोरोना काल में विद्यालयों को खोलकर खाद्यान्न वितरण सहित अन्य कार्य करने का आदेश प्राप्त हो रहा है जबकि विद्यालय को सेनेटाइज करने की भी राशि उपलब्ध नही है। उपरोक्त लापरवाही के लिए जो कर्मी दोषी हैं उसे चिन्हित कर कार्यवाही की जाय साथ ही अनुदान समायोजन की प्रक्रिया को पूर्ण किया जाय ताकि जिले के विद्यालयों को ससमय अनुदान मिल सके।
2:-जिले के माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत लिपिकों का प्रमोशन जो कई वर्षों से लंबित है उनका निस्तारण करते हुए जिले में उपलब्ध रिक्ति एवं लिपिकों की वरीयता के अनुसार उनका प्रमोशन किया जाय।
3:-जिला परिषद,बेगूसराय के वैसे शिक्षक-/शिक्षिका जो 3 वर्ष के सेवा अवधि के उपरांत स्वैच्छिक स्थानांतरण चाहते हैं उनका स्थानांतरण अविलंब किया जाय।जिसमें महिला/दिव्यांग शिक्षकों को प्राथमिकता दिया जाय।विदित हो कि 2014 के बाद जिला परिषद में आज तक स्वैच्छिक स्थानांतरण नही किया गया है जबकि ऐसे लगभग 170 शिक्षकों का आवेदन वहाँ लंबित है।इस कार्य हेतु विगत वर्ष नगर इकाई ने धरना एवं भूख हड़ताल भी किया था।
4:-माध्यमिक शिक्षा निदेशक, पटना के पत्र के आलोक में जिले में उत्क्रमित विद्यालयों में नवम एवं दसम वर्ग के छात्रों को पढ़ाने हेतु शिक्षकों का समायोजन सुविधा अनुसार बिना किसी भेदभाव के शिक्षकों की सहमति से किया जाय।
5:-नगर परिषद,बीहट के अंतर्गत कार्यरत माध्यमिक शिक्षकों को बिना किसी आदेश के मात्र 6% की दर से आवास भत्ते का भुगतान किया जा रहा है जबकी विभागीय पत्र एवं माननीय जिला पदाधिकारी के आदेशानुसार बरौनी औद्योगिक क्षेत्र में स्थिति विद्यालय के शिक्षकों को नगर निगम के शिक्षकों के समान ही 8% आवास भत्ता मिलने का आदेश निर्गत है।
बरौनी औद्योगिक क्षेत्र के अंतर्गत ही स्थित जिला परिषद के शिक्षकों को जिन्हें 4% आवास भत्ते के भुगतान का आदेश है उन्हें भी उपरोक्त नियमों के तहत 8% आवास भत्ते का भुगतान किया जा रहा है साथ ही नियमित एवं मध्य विद्यालय के शिक्षकों-/कर्मचारियों को भी 8% आवास भत्ता का भुगतान हो रहा है। बीहट नगर परिषद क्षेत्र में ही सारे औद्योगिक कारखाने मौजूद हैं तो फिर इस क्षेत्र के शिक्षकों को इस लाभ से वंचित क्यों और किसके आदेश से किया जा रहा है यह समझ से परे है।
6:-जिले के शिक्षकों/कर्मचारियों का जनवरी 2019 से बकाया महंगाई भत्ते का भुगतान या गलत तरीके से किया गया है या बहुतों को किया ही नही गया है जिनके मंहगाई भत्ते का भुगतान अभी तक नही हुआ है उसका भुगतान अविलंब किया जाय।
7:-उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालयों में विद्यालय प्रबंधन समिति का गठन अविलंब करवाया जाए साथ ही ऐसे विद्यालय के माध्यमिक शिक्षकों के संयुक्त हस्ताक्षर से छात्र कोष के लिए खाता खोलवाया जाय।
8:-नियोजित शिक्षकों के अलग अलग नियोजन इकाई,अलग आवंटन,अलग शीर्ष हेड होने के बावजूद भी जिस इकाई में वेतन भुगतान हेतु राशि उपलब्ध है उस इकाई के शिक्षकों का वेतन भुगतान जानबूझ कर किसी नेता के इशारे पर नही करना चिंतनीय विषय है आग्रह है ऐसे इकाई के शिक्षकों के वेतन एवं एरियर का भुगतान अविलंब किया जाय।
09:-बेगूसराय जिले में सैकड़ों की संख्या में माध्यमिक तथा +2 में उत्क्रमित विद्यालयों में स्थापना शाखा के द्वारा द्वारा शिक्षकों की रिक्ति कई वर्षों से उपलब्ध नही करवाई गई है जिससे एक और जहां इन विद्यालयों में बिना शिक्षक के ही पढ़ाई संचालित की जा रही है वहीं दूसरी और जिले के सैकड़ों शिक्षक अभयर्थी नौकरी पाने से वंचित हैं। आग्रह है सरकार के दिशा निदेशानुसार माध्यमिक विद्यालयों में 6 जबकि +2 विद्यालयों में 16 पद के अनुसार शिक्षकों की रिक्ति विभाग को उपलब्ध करवाया जाए ताकि भविष्य में नियोजन की प्रक्रिया में जिले में पर्याप्त रूप से शिक्षकों की बहाली हो सके और इसमें शिक्षक अभ्यर्थियों को मौका मिल सके।
10:- बेगूसराय जिले में कुछ वैसे विद्यालय जहाँ राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के अंतर्गत आर्ट & क्राफ्ट रूम का निर्माण दूसरे क़िस्त की राशि के इंतज़ार में अधूरा है जांचोपरांत उसे पूरा करवाया जाए।
11:-बेगूसराय जिले के माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक/प्रभारी प्रधानाध्यापक के सेवानिवृत्त के उपरांत वरीय को नजरअंदाज कर कनीय एवं चहेते शिक्षकों को प्रभार देने एवं उनसे अनापत्ति प्रमाणपत्र लेने का प्रचलन बढ़ता जा रहा है जो अत्यंत ही दुःखद है। जिले में ऐसे कई विद्यालय मौजूद हैं जहाँ प्रभार को लेकर युद्ध छिड़ा हुआ है उन विद्यालयों में प्रभारी नियुक्त करने हेतु पदस्थापना विवरणी के अनुसार नियमानुकूल आदेश अविलंब निकाला जाए ताकि विद्यालय को आपसे मतभेद एवं गुटबाजी से बचाया जा सके।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक सह जनकवि सच्चिदानंद पाठक, टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज शाहपुर के उप प्राचार्य अखिलेश सिंह, नगर सचिव रणधीर कुमार, YNN टीम संयोजिका बेनुजा कुमारी, जिला खेल संयोजक बिश्वजीत कुमार, युवा शिक्षक राघवेद्र कुमार, अनिल चौधरी, अमित कुमार, मो.शाहिद इकबाल मौजूद थे।


