बेगूसराय ::–
अविनाश कुमार गुप्ता ::–
12 जुलाई 2020 रविवार
मंझौल स्टेट हाइवे-55 के दोनों किनारे पर निर्मित नाले की सफाई के लिए मंझौल वासियों ने मोर्चा खोल दिया है. नाला जाम की स्थिति से परेशान आम लोगों ने अनुमंडल प्रशासन को पत्र लिखकर वस्तु स्थिति से अवगत कराया है. जिसकी प्रतिलिपि डीएम, डीडीसी, केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, जिला परिषद सदस्या इन्दु देवी एवं जन सरोकार मंच के अनुमंडल संयोजक रमण कुमार उर्फ चिन्टू सिंह को भी दी है.
पत्र के अनुसार निर्माण काल से अबतक उक्त नाले की सफाई नहीं हुई है. पूरा नाला ईंट, मिट्टी, पत्थर एवं कुड़ा कचरा से अटा पड़ा है. जिसके फलस्वरूप नाले से उसका गंदा पानी जगह जगह सड़कों पर बहने लगा है. जिससे आम लोगों को भारी फजीहतों का सामना करना पड़ रहा है. साथ ही गंदे बदबूदार पानी से बीमारी के संक्रमण का खतरा भी सर चढ़ कर बोलने लगा है.
इस संबंध में जनसरोकार मंच के संयोजक रमण कुमार उर्फ चिन्टू सिंह ने बताया ग्रामीणों की मांग जायज है. पूर्व मे भी ग्रामीणों के द्वारा प्रशासन को उक्त आशय से अवगत कराया जा चुका है. वर्तमान में विश्ववयापी महामारी ने व्यापक रूप से पांव पसारना शुरू कर दिया है. स्वच्छता और सफाई के अभाव में बढ़ते संक्रमण के बीच लोगों मे दहशत का होना लाजमी है.
वहीं पंसस सह मंच के प्रवक्ता मनोज भारती ने कहा संभावित खतरे के मद्देनजर प्रशासन को ग्रामवासियों की मांग पर अविलंब विचार करना चाहिए. ताकि कोरोना महामारी को रोकने के साथ साथ आम लोगों मे प्रशासन के प्रति विश्वास कायम हो सके.
जिले के प्रसिद्ध होम्योपैथिक ए एच एम मेडिकल कॉलेज केशाबै के डॉ ओम प्रकाश गुप्ता ने बताया कि इस तरह की नाले की स्थिति से इलाके में कभी भी गंभीर महामारी फैल सकती है। वर्षों से प्रशासनिक स्तर पर जो लापरवाही बरती गई है जो कि अब मौसम ने रुख बदल दिया है। बारिश की वजह से मोहल्ले में सड़कों पर चलना भी दुर्लभ होता जा रहा है। ग्रामीणों की जिंदगी से अगर खिलवाड़ नहीं चाहिए तो शीघ्र अति शीघ्र नाले की सफाई होना अति आवश्यक है।
प्रशासन को ग्रामीण की जिंदगी को देखते हुए ग्रामीणों के त्वरित कार्रवाई करते हुए नाले की सफाई करवानी चाहिए वहीं ग्रामीण केशव सिंह, ममता देवी, सुभाष पासवान सहित अन्य लोगों ने बताया प्रशासन के द्वारा नाला सफाई को लेकर सकारात्मक पहल नहीं किया गया तो मजबूरन लोगों को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा.

