चेरियाबरियारपुर बेगूसराय ::–
अविनाश कुमार गुप्ता ::–
8 मई 2020 शुक्रवार
मंझौल (बेगूसराय) क्षेत्र का सुदूर पंचायत कुंभी तक जाने वाले सभी सड़क जर्जरता की प्रकाष्ठा पर है। दर्द यहीं खत्म नहीं होता, हल्की बारिश मे गांव मे पैदल चलना मुश्किल हो जाता है। जबकि उक्त पथ पांच पंचायत, चार प्रखंड के साथ दो अनुमंडल यानी दो विधानसभा को जोड़ती है। जो वर्षों से उद्धारक की वाट जोह रही है।
ग्रामीणों के द्वारा कई बार पथ निर्माण मंत्री एवं संबंधित पदाधिकारी को पत्र लिख कर स्थिति से अवगत कराया गया। इसके बावजूद भी यह सड़क आजतक नरकीय हालत में है। यहां के बच्चों को स्कूल जाने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ता है। साथ ही प्रसव के लिए हॉस्पिटल जाने वाली मॉ-बहनों को रास्ते में ही प्रसव पीड़ा की वेदना झेलनी पड़ती है।
सनद हो 19 जनवरी 2020 को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आह्वान पर राज्यव्यापी मानव श्रृंखला बनाने का निर्देश दिया गया था। जिस दौरान ग्रामीणों ने एक साथ विरोध कर सड़क नहीं तो मानव श्रृंखला हम नहीं बनाएंगे का नारा बुलंद किया था। तत्पश्चात एसडीएम मंझौल एवं बीडीओ चेरिया बरियारपुर के द्वारा आश्वासन के उपरांत मानव श्रृंखला मे हिस्सेदारी दी थी। लेकिन स्थिति मे सुधार नहीं हो सका। फलतः ग्रामीण नरकीय जीवन जीने को मजबूर हैं।
वहीं ग्रामीणों ने बताया सड़क के लिए चरणबद्ध आंदोलन चलाने का निर्णय लिया गया है। संवैधानिक तरीके से विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।