मंसूरचक (बेगूसराय) ::–
मिंटू झा ::–
19 फरवरी 2020 बुधवार
नीलगाय के आतंक से मंसूरचक प्रखंड क्षेत्र के साठा गांव, सहित दर्जनों गांव के किसान परेशान हैं। शाम ढलते ही दर्जनों की संख्या में नीलगाय खेतों में पहुंच कर फसल को नुकसान पहुंचाते हैं। पूरी रात फसल वाले खेत में तांडव मचाते हैं।
गेहूं, चना एवं सब्जी फसल का नुकसान किसानों को सहना पड़ता है। किसान खेत से नीलगाय को भगाना चाहते हैं तो उनकी संख्या अधिक होती है। और वे किसानों को खदेड़ देते हैं। किसान अमरेश चौधरी, बमभोली झा, नितेश चौधरी, चंदन उर्फ तूफान, प्रमोद चौधरी, चुलबुल शर्मा, राम आशीष झा, संजय झा, उमेश महतो ने बताया कि सैकड़ों एकड़ में लगी फसल नीलगाय ने बर्बाद कर दिया है।
फसल उगाने मे खून पसीना बहाना पड़ता है। किसान की पूंजी खेतों में होती है और नीलगाय उसे बर्बाद कर देते हैं। नीलगाय के आतंक से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
गांव के ही चौड़ से नीलगाय यहां आते हैं और फसल बर्बाद करते हैं। किसानों का यह भी मानना है कि चौड़ में इन्हें पानी एवं भोजन नहीं मिल पा रहा है, जिस कारण जंगली गाय यहां वास कर रहे हैं। गर्मी की शुरुआत के साथ ही नीलगाय का आतंक बढ़ गया है। अगर अधिकारी इसको लेकर सजग नहीं हुए तो खेत में लगी फसल बर्बाद हो जाएगा। किसानों की स्थिति वैसे ही दयनीय है।