भोजपुर(आरा) ::–
बबलू कुमार-
22 सितबंर 2019
रविवार
बाढ़ पीड़ितों की सेवा मानवता की सच्ची सेवा एवं पुण्य का महान कार्य है। इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मी सेवा भाव से समर्पित होकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में उदारतापूर्वक कार्य करें। जिला प्रशासन बाढ़ पीड़ितों की हर संभव सहायता हेतु कटिबद्ध है। ये बातें जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने रविवार को बड़हरा प्रखंड अंतर्गत बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने एवं पीड़ितों का हालचाल जानने के उपरांत कहीं।
इस क्रम में जिलाधिकारी ने बड़हरा प्रखंड के सोहरा, सिन्हा, मिल्की, मौजमपुर , नरगदा, त्रिभुवानी, बलुआ, पीपरपाती, सलेमपुर, लवकुशपुर आदि क्षेत्रों का भ्रमण कर जलस्तर की स्थिति, बाढ़ पीड़ितों की स्थिति, सरकारी अधिकारियों की उपस्थिति,कार्य एवं उनकी सक्रियता का जायजा लिया एवं आवश्यक निर्देश दिया।
उल्लेखनीय है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में कूल 148 नावे चल रही है जिसमें शाहपुर क्षेत्र अंतर्गत 91 नाव तथा बड़हरा क्षेत्र में 57 नाव कार्यरत है। जिलाधिकारी ने कहा है कि बाढ़ पीड़ितों हेतु सरकारी स्तर पर नि:शुल्क नाव की व्यवस्था की गई है। अगर किसी नाविक के द्वारा पैसे की वसूली की जाएगी तो उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। नाव की बिल्कुल निशुल्क व्यवस्था की गई है ताकि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के लोगों को दैनिक कार्य हेतु आने- जाने में सहूलियत हो। इसके अतिरिक्त वाटर एंबुलेंस के माध्यम से प्रभावित गांवों में मेडिकल टीम द्वारा आवश्यक दवाओं के साथ भ्रमणशील होकर समुचित इलाज किया जा रहा है।
शाहपुर के मटुकपुर, सरैया, सहित कई अन्य जगहों पर मेडिकल कैंप स्थापित कर बाढ़ पीड़ितों की सहायता की जा रही है। जिलाधिकारी ने बड़हरा प्रखंड के सोहरा हाई स्कूल में स्थापित मेडिकल कैंप का औचक निरीक्षण किया तथा सभी आवश्यक दवा के साथ डॉक्टरों की टीम को मुस्तैद रहने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने प्रतिनियुक्त डॉक्टरों को प्रभावित क्षेत्र के गांवों में सतत भ्रमण करने तथा लगातार संपर्क बनाए रखने का निर्देश दिया है ताकि गर्भवती महिलाएं, वृद्धजनों ,बच्चों सहित बीमार व्यक्तियों का तत्पर होकर समुचित इलाज किया जा सके। इसके अतिरिक्त इन्फ्लेटबुल नाव, के माध्यम से एनडीआरएफ की टीम तथा अधिकारियों के द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में हर संभव राहत प्रदान करने हेतु कारवाई जारी है।
जिलाधिकारी ने रविवार को बाढ़ पीड़ितों के सहायतार्थ तैनात अधिकारियों एवं कर्मियों की खोज खबर ली। औचक निरीक्षण में गायब 22 अधिकारियों से स्पष्टीकरण की गई है तथा पूछा गया है कि बाढ़ आपदा जैसे संवेदनशील कार्य में आपकी लापरवाही एवं कर्तव्यहीनता के आरोप में आपके विरुद्ध क्यों नहीं प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जाए।
इसमें 12 अधिकारी की प्रतिनियुक्ति शाहपुर क्षेत्र में तथा 10 अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति बड़हरा क्षेत्र में की गई थी। संबंधित अधिकारियों से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण का जवाब देने का निर्देश दिया गया है अन्यथा उनके विरुद्ध प्रपत्र क एवं विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी। मिल रही खबर के अनुसार गंगा के ऊपरी क्षेत्र स्थित नदियों में कई स्थानों पर जलस्तर स्थिर रहने एवं कम होने की सूचना प्राप्त हो रही है। फलत: इस जिला में भी अब जल स्तर में कमी होने की संभावना प्रतीत होती है।
जिलाधिकारी के भ्रमण कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त माधव कुमार सिंह, डायरेक्टर डीआरडीए प्रमोद कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी बड़हरा सुशील कुमार सहित कई अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।