बिहार-भोजपुर(आरा) ::–
बबलू कुमार-
01 अगस्त 2019
बिहार में पर्यावरण को लेकर अनेको कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। जिसमें वृक्षारोपण, ताल-तलैया की उड़ाई आदि प्रमुख है। लोगों में जागरूकता लाना अति आवश्यक है
इसी के मद्देनजर आज स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर समाज के निर्माण हेतु वृक्षारोपण कार्यक्रम सरकार की महत्वपूर्ण योजना है। इसके तहत वृक्षों की सुरक्षा, संरक्षण एवं संवर्धन हेतु सरकारी स्तर पर अभियान के रूप में कार्य करने की रणनीति तैयार की गई है।
इस क्रम में गुरुवार को उप विकास आयुक्त शशांक धशुभंकर ने बिहिया प्रखंड अंतर्गत दोघरा पंचायत के अमराई नवादा गांव अवस्थित मध्य विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आगाज किया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त ने वृक्षारोपण कार्यक्रम को जन आंदोलन का स्वरूप प्रदान करने एवं इसके लिए जनमानस में जागृति उत्पन्न करने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि मानव जाति के अस्तित्व, जैव विविधता के संरक्षण, पारिस्थितिकी संतुलन तथा पर्यावरण संरक्षण हेतु वृक्षो की अंधाधुंध कटाई पर रोक लगाने की जरूरत है तथा वृक्षारोपण अभियान को सरकारी एवं गैर सरकारी दोनों ही स्तरों पर गति प्रदान करने की जरूरत है। यद्यपि सरकार द्वारा जल शक्ति अभियान तथा जल जीवन हरियाली मिशन के तहत वृक्षारोपण की विस्तृत कार्य योजना तैयार की गई है।
इस योजना को कार्य रूप देने हेतु जिला प्रशासन द्वारा मनरेगा, ग्रामीण कार्य विभाग, वन एवं पर्यावरण विभाग आदि को सक्रिय एवं तत्पर कर मिशन मोड में कार्य करने का निर्देश दिया गया है।
ग्रामीण कार्य विभाग की सड़कों के दोनों किनारे वृक्षारोपण के कार्य को गति प्रदान करने की योजना भी बनाई गई है। उप विकास आयुक्त के साथ स्वच्छ भारत प्रेरक निखिल कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी बिहिया प्रफुल्ल प्रकाश, कार्यक्रम पदाधिकारी बिहिया तथा डोघरा पंचायत के मुखिया सहित काफी संख्या में लोग मौजूद थे।