न्यूज़ डेस्क, भोजपुर/आरा, बबलू कुमार।।
@ भोजपुर के चांदी थाना क्षेत्र में चलती है जहरीली शराब बनाने की फैक्ट्री, स्थानीय थाना नहीं करती है कार्रवाई
@ युवाओं में शराब और सुखे नशे की लग रही लत, सूचना के बाद भी नहीं होता करवाई
बिहार में शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद भोजपुर जिले के कई थाना क्षेत्रों में खुलेआम जहरीली शराब की बिक्री जारी है। गांव-गांव और गली-मोहल्लों में अवैध शराब का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है, लेकिन पुलिस प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिले के कई थाना क्षेत्रों में शराब माफिया बेखौफ होकर जहरीली शराब बेच रहे हैं। शाम होते ही गांवों में शराब की बिक्री शुरू हो जाती है और देर रात तक यह कारोबार चलता रहता है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि यह शराब अक्सर जहरीली साबित होती है, जिससे लोगों की जान को भी खतरा बना रहता है।
चांदी थाना क्षेत्र में चलती है जहरीली शराब बनाने वाला फैक्ट्री
क्षेत्र के ग्रामीणों का कहना है कि जिले के चांदी थाना क्षेत्र में शराब बनाने के लिए फैक्टी चलती है, कई बार इसकी शिकायत स्थानीय पुलिस से की गई, लेकिन कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जाती है। ग्रामीणों का आरोप यह भी है कि शराब माफियाओं को कहीं न कहीं प्रशासनिक संरक्षण मिल रहा है, तभी वे बिना डर के इस अवैध कारोबार को चला रहे हैं।
समाजसेवियों और बुद्धिजीवियों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। बिहार में पहले भी जहरीली शराब से कई लोगों की मौत हो चुकी है, फिर भी प्रशासन इससे सबक लेने को तैयार नहीं दिख रहा।
ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक से किया मांग, विशेष अभियान चलाकर जहरीली शराब पर लगाए रोक
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और पुलिस अधीक्षक मिस्टर राज से मांग की है कि भोजपुर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर जहरीली शराब के कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाई जाए। साथ ही इस धंधे में शामिल लोगों के साथ-साथ संरक्षण देने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाए।
अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर मुद्दे को कितनी गंभीरता से लेता है या फिर जहरीली शराब का यह काला कारोबार यूं ही लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करता रहेगा।

