Wed. Mar 11th, 2026

इंडियनऑयल की बरौनी रिफाइनरी में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

इंडियनऑयल की बरौनी रिफाइनरी में 10 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2026 का आयोजन उत्साह, गरिमा और प्रेरणादायी वातावरण के साथ किया गया। इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण, अपने कार्यक्षेत्र में दक्षता और उत्कृष्ट प्रदर्शन तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के संदेश को केंद्र में रखते हुए विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।


कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण इंडियनऑयल की निदेशक (मानव संसाधन) सुश्री रश्मि गोविल का प्रेरणादायी संबोधन रहा, जो वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समारोह में सम्मिलित हुईं। उन्होंने महिला कर्मचारियों को बड़े सपने देखने, अपने कार्यक्षेत्र में दक्षता एवं विशेषज्ञता विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे एक-दूसरे को आगे बढ़ने में सहयोग दें तथा संगठन और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाते हुए योगदान दें। उन्होंने इस वर्ष की थीम “Give to Gain” का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के उत्थान के लिए किया गया प्रत्येक योगदान समाज को अधिक सशक्त और समावेशी बनाता है।


इस अवसर पर श्रीमती पियाली चक्रवर्ती, कार्यकारी निदेशक प्रभारी (मानव संसाधन ) तथा श्रीमती अंजलि भावे, मुख्य महाप्रबंधक (कॉरपोरेट कम्युनिकेशन एवं सीएसआर) भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ीं और महिला कर्मचारियों को अपनी शुभकामनाएँ एवं प्रेरक संदेश प्रदान किए। उन्होने महिला कर्मचारियों को यह प्रेरणा दी कि वे स्वयं को किसी लैंगिक पहचान तक सीमित न रखते हुए एक सक्षम, आत्मविश्वासी और पूर्ण पेशेवर के रूप में स्थापित करें।
श्री सत्य प्रकाश, कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख, बरौनी रिफाइनरी ने अपने संबोधन में कहा कि महिला कर्मचारी संगठन की बहुमूल्य शक्ति हैं। उन्होंने सभी महिला कर्मचारियों को उच्च लक्ष्य निर्धारित करने, अपनी क्षमताओं की सीमाओं को चुनौती देने तथा अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संगठन को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के लिए प्रेरित किया।
दिनभर चले इस आयोजन की शुरुआत बरौनी रिफाइनरी की महिला कर्मचारियों द्वारा सामाजिक सेवा गतिविधि से हुई। इसके अंतर्गत महिला ठेका श्रमिकों के लिए स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता सत्र आयोजित किया गया तथा उन्हें स्वच्छता किट प्रदान कर सम्मानित किया गया।

महिला कर्मचारियों में आत्मविश्वास और सुरक्षा जागरूकता को बढ़ाने के उद्देश्य से ताइक्वांडो विशेषज्ञ श्री नंदू जी द्वारा आत्मरक्षा कार्यशाला का आयोजन भी किया गया।
इस अवसर पर परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। साथ ही महिला कर्मचारियों की रचनात्मकता और वर्षभर की गतिविधियों को समर्पित वार्षिक पत्रिका “अज-प्रेरणा” का लोकार्पण बरौनी रिफाइनरी के वरिष्ठ प्रबंधन द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्तर की महिला ताइक्वांडो खिलाड़ियों का सम्मान किया गया। इसके अतिरिक्त केक कटिंग समारोह तथा महिला कर्मचारियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे आयोजन को उल्लासपूर्ण और यादगार बना दिया, जिसे उपस्थित दर्शकों एवं वरिष्ठ प्रबंधन ने अत्यंत सराहा।

बरौनी रिफाइनरी में आयोजित यह कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण, सामाजिक संवेदनशीलता और सामूहिक प्रगति के संदेश को सुदृढ़ करते हुए अत्यंत प्रेरणादायी एवं सफल रहा।

कार्यक्रम की जानकारी मीनाक्षी ठाकुर वरीष्ठ प्रबंधक कर्मचारी सेवाएँ, कॉर्पोरेट संचार व हिन्दी विभाग ने दी।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed