न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के अवसर पर बिहार सरकार के कृषि विभाग के माननीय मंत्री श्री राम कृपाल यादव द्वारा आज जिला अतिथि गृह, बेगूसराय के सभागार में महिला कृषकों को सम्मानित करते हुए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आत्मा, बेगूसराय के नवाचार क्षेत्र से जुड़ी 10 महिला कृषकों तथा कृषि प्रसार में उत्कृष्ट कार्य करने वाली एक प्रखंड तकनीकी प्रबंधक सहित कुल 11 महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

सम्मानित महिला कृषकों द्वारा डच रोज की खेती, मधु उत्पादन एवं प्रसंस्करण, स्ट्रॉबेरी उत्पादन, पपीता उत्पादन, जैविक उत्पाद, मिलेट आधारित प्रसंस्कृत उत्पाद सहित विभिन्न नवाचारी कृषि गतिविधियों के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया जा रहा है।
इस अवसर पर माननीय मंत्री श्री राम कृपाल यादव ने सभी महिला कृषकों से बारी-बारी से उनके कार्यों की जानकारी प्राप्त की तथा कृषि गतिविधियों से जुड़े उनके अनुभवों और आने वाली समस्याओं के बारे में भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने महिला कृषकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि महिलाएं कृषि क्षेत्र में नवाचार और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक, मुंगेर प्रमंडल, मुंगेर श्री शैलेश कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी बेगूसराय श्री अभिषेक रंजन, जिला उद्यान पदाधिकारी श्री अमरजीत राय, उपनिदेशक कृषि अभियंत्रण श्री न्यूटन कुमार, सहायक निदेशक पौधा संरक्षण श्रीमती रीमा कुमारी, सहायक निदेशक रसायन डॉ. शालिनी कुमारी, उप परियोजना निदेशक आत्मा श्री अजीत कुमार, श्री पीयूष कुमार सहित बेगूसराय जिले के सभी अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, विभिन्न प्रखंडों के प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक एवं सहायक तकनीकी प्रबंधक कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

