न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आज 08 मार्च को महिला एवं बाल विकास निगम, कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन, बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में प्रेक्षागृह-सह-आर्ट गैलरी, कंकौल, बेगूसराय में सम्मान समारोह एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मानित करना तथा महिला सशक्तिकरण के प्रति जन-जागरूकता को और अधिक सुदृढ़ करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय केंद्रीय मंत्री, वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार सह बेगूसराय सांसद श्री गिरिराज सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री ने की।

इस अवसर पर माननीय नगर विधायक श्री कुंदन कुमार, बेगूसराय की माननीय महापौर श्रीमती पिंकी देवी, उप विकास आयुक्त श्री आकाश चौधरी सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, महिला समूहों की प्रतिनिधियाँ तथा बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएँ एवं छात्राएँ उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि माननीय श्री गिरिराज सिंह ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण किसी भी समाज और राष्ट्र के विकास की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं के आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक सशक्तिकरण के लिए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएँ संचालित की जा रही हैं। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, शिक्षा को प्राथमिकता देने तथा समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह भी कहा कि आज की महिलाएँ प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं, जो पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है।

जिला पदाधिकारी श्री श्रीकांत शास्त्री ने अपने संबोधन में कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं के योगदान को सम्मानित करने के साथ-साथ उनके अधिकारों, समान अवसरों और गरिमा को सुनिश्चित करने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन बेगूसराय महिलाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा तथा आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन कर रहा है। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों, बालिकाओं की शिक्षा, पोषण, कौशल विकास तथा महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी।

इस अवसर पर शिक्षा, सामाजिक सेवा, स्वास्थ्य, उद्यमिता एवं अन्य विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए अन्य महिलाओं को भी समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय कलाकारों, छात्राओं एवं महिला समूहों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने वातावरण को उत्साहपूर्ण बना दिया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, आत्मनिर्भरता तथा समाज में महिलाओं की भूमिका को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने महिलाओं के सम्मान, समानता और अधिकारों के प्रति समाज में व्यापक जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया तथा महिला सशक्तिकरण को समाज के समग्र विकास के लिए अनिवार्य बताया।

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, महिला एवं बाल विकास निगम के प्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएँ, छात्राएँ एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

