Wed. Feb 18th, 2026

जिले में विकास योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप समयसीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए – डीएम

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

जिला पदाधिकारी बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में आज समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में जिले के विभिन्न तकनीकी विभागों की प्रगति प्रतिवेदन की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।

बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में संचालित निर्माण एवं आधारभूत संरचना से संबंधित योजनाओं की वर्तमान प्रगति आकलन करना, लंबित कार्यों की स्थिति की समीक्षा करना तथा कार्यों में आवश्यक गति लाने हेतु ठोस रणनीति निर्धारित करना था।

बैठक में ग्रामीण कार्य विभाग (बेगूसराय, बखरी, बलिया एवं तेघड़ा प्रमंडल), पथ निर्माण विभाग, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, भवन निर्माण विभाग, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल (बरौनी एवं बेगूसराय) सहित अन्य संबंधित कार्यान्वयन एजेंसियों द्वारा संचालित योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। प्रत्येक विभाग से योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति, पूर्णता की संभावित समयसीमा, कार्य में आ रही बाधाओं तथा गुणवत्ता नियंत्रण से संबंधित उपायों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी विकास योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप समयसीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए तथा जिन परियोजनाओं में विलंब हो रहा है, उनमें उत्पन्न तकनीकी, प्रशासनिक अथवा भूमि संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान कर कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए।

बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि निर्माणाधीन सड़कों, पुल-पुलियों, भवनों, सिंचाई संरचनाओं एवं विद्युत आपूर्ति से संबंधित परियोजनाओं की नियमित निगरानी की जाए, स्थल निरीक्षण की आवृत्ति बढ़ाई जाए तथा कार्य प्रगति से संबंधित अद्यतन प्रतिवेदन समय पर समर्पित किए जाएं। साथ ही, आमजन की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कार्यस्थलों पर आवश्यक सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।

इसके अतिरिक्त बैठक में संपूर्णता अभियान 2.0 की प्रगति की भी विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों को अभियान अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित करने, जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को गति देने तथा अधिकाधिक लाभार्थियों तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने हेतु विभागीय समन्वय को और मजबूत करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं की वास्तविक प्रगति का आकलन जमीनी स्तर पर सतत मॉनिटरिंग, पारदर्शिता तथा उत्तरदायित्वपूर्ण कार्यसंस्कृति से ही संभव है।

अंत में जिला पदाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी और जिले के समग्र आधारभूत विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित अवधि में लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित की जाए।

बैठक में अपर समाहर्ता बेगूसराय, सिविल सर्जन बेगूसराय, जिला पंचायत राज पदाधिकारी बेगूसराय सहित विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता, संबंधित पदाधिकारी एवं तकनीकी प्रतिनिधि उपस्थित थे।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed