न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
बेगूसराय में आज भूकंप सुरक्षा सप्ताह के अवसर पर जिला प्रशासन के निर्देशानुसार SDRF द्वारा व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में मटिहानी अंचल स्थित के. एल. हाई स्कूल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं विद्यालय कर्मियों को भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदा से होने वाले संभावित जान-माल के नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

SDRF के प्रशिक्षित कर्मियों द्वारा बच्चों को भूकंप आने के कारण, उसके प्रभाव, तथा आपदा के समय घबराने के बजाय धैर्यपूर्वक सुरक्षित व्यवहार अपनाने के तरीकों के बारे में समझाया गया। “ड्रॉप, कवर और होल्ड” जैसी महत्वपूर्ण सुरक्षा तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन कर बच्चों को बताया गया कि भूकंप के दौरान एवं उसके बाद किस प्रकार स्वयं को सुरक्षित रखा जा सकता है। साथ ही, सुरक्षित स्थानों की पहचान, खुले मैदान में जाने की सावधानियां, तथा अफवाहों से बचने की सलाह भी दी गई।

इसके अतिरिक्त, भूकंप सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत एलईडी प्रचार वाहनों के माध्यम से तेघड़ा एवं बछवाड़ा अंचलों में लगातार वीडियो संदेशों का प्रसारण किया जा रहा है। इन वीडियो के जरिए आम नागरिकों को भूकंप से पूर्व, भूकंप के दौरान एवं भूकंप के बाद अपनाए जाने वाले आवश्यक सुरक्षा उपायों की जानकारी सरल एवं प्रभावी ढंग से दी जा रही है।
इस जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन, विशेषकर बच्चों में आपदा प्रबंधन के प्रति समझ विकसित करना, जान-माल के नुकसान को न्यूनतम करना तथा समाज को आपदा के प्रति सतर्क एवं तैयार बनाना है।

