न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
बेगूसराय जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री द्वारा कार्यालय प्रकोष्ठ में नियमित रूप से आयोजित होने वाले जनता दरबार का आयोजन किया गया।
जनता दरबार में जिला पदाधिकारी द्वारा एक-एक कर उपस्थित फरियादियों से संवाद स्थापित किया गया तथा उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया। इस दौरान कुल 35 नागरिकों द्वारा भूमि संबंधी विवाद, विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याएं, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जमीन संबंधित, मोटेशन, आधार कार्ड सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्रस्तुत की गईं।

प्राप्त सभी आवेदनों एवं शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने जनहित से जुड़े शिकायतों का निष्पादन पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से करने का निर्देश सभी संबंधित पदाधिकारियों को दिया।
जिला पदाधिकारी ने जनता दरबार को प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद का एक सशक्त माध्यम बताते हुए कहा कि इस पहल से आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों की सतत निगरानी करते हुए नियत समय सीमा के भीतर समाधान की सूचना फरियादियों को उपलब्ध कराई जाए।

जनता दरबार के आयोजन से आम नागरिकों में प्रशासन के प्रति विश्वास एवं संतोष का भाव देखने को मिला।

