Wed. Feb 12th, 2025

बेगूसराय :: “मेरी माटी, मेरा देश” अभियान के तहत 36 युवाओं के साथ भेजा गया अमृत कलश

न्यूज डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

“मेरी माटी, मेरा देश” अभियान के अंतर्गत भारतीय जनता युवा मोर्चा ने बेगूसराय के 18 प्रखंडों से 36 युवाओं को अमृत कलश में संग्रहित बेगूसराय के आंगनों की पवित्र मिट्टी के साथ आज सुबह भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष राजीव वर्मा, जिलाउपाध्यक्ष कृष्ण मोहन पप्पु, भाजपा जिला महामंत्री कुंदन भारती, भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष सुमित सन्नी, भाजपा नगर मण्डल के अध्यक्ष रूपेश गौतम सहित कई भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने हरी झंडी दिखा दिल्ली के लिए रवाना किया, ये कार्यकर्ता पटना प्रदेश कार्यालय के रास्ते दिल्ली को जाएंगे।

भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव वर्मा ने सम्बोधित करते हुए कहा कि आज ‘मेरी माटी मेरा देश’ अभियान के तहत बेगूसराय के आंगनों से एकत्र की गई मिट्टी को नमन किया एवं उसे अमृत वाटिका के निर्माण हेतु दिल्ली को रवाना किया। वीरों को वंदन, मिट्टी को नमन के भाव के साथ शुरू किये गए इस अभियान ने पुरे देश की एकता को सशक्त किया है और अमर बलिदानियों के इतिहास को युवा पीढ़ियों तक पहुँचाया है।

जिला उपाध्यक्ष कृष्ण मोहन पप्पू ने कहा कि यह अभियान आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीरों एवं वीरांगनाओं के प्रति देश की भावनाओं का प्रतीक है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में आरम्भ किये गए ऐसे अभियान हमे राष्ट्र के वैभवशाली विविधताओं से रूबरू भी कराएंगे व राष्ट्र के नाम समर्पित 2 लाख 63 हजार अमृत वाटिकाएं हमारे राष्ट्र को सर्वस्व समर्पण के भाव को और भी अधिक प्रगाढ़ता प्रदान करेगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष सुमित सन्नी ने मेरी माटी मेरा देश अभियान को विविधता में एकता का पहचान बताते हुए कहा कि अब यह मात्र एक अभियान नहीं, बल्कि एक ‘जन अभियान’ बन गया है। देश के कोने कोने से लोग इसमे हिस्सा ले अमृत वाटिका के निर्माण में अपना योगदान दे रहे हैं।

जिला महामंत्री सह कार्यक्रम संयोजक ने कहा की माननीय प्रधानमंत्री जी ने पिछले दिनों देश के हर गांव से, हर घर से मिट्टी संग्रह करने का आग्रह किया गया था। हर घर से मिट्टी संग्रह करने के बाद उसे कलश में रखा गया और अब इस अमृत कलश को दिल्ली के लिये रवाना किया जा रहा हैं, जहां देश के कोने-कोने से एकत्रित की गयी पवित्र मिट्टी से दिल्ली में ‘अमृत वाटिका’ का निर्माण होगा।

भारतीय जनता युवा मोर्चा बेगूसराय के कार्यकर्ताओं ने अठारह प्रखंड के हजारों आंगनों से मिट्टी संग्रह किया है व ये सम्पूर्ण देशवासियों के लिए गौरव का विषय है कि हमारे आंगन की मिट्टी हमारे देश के लिए अमर बलिदान देने वाले सैनिकों को श्रद्धांजलि देने के काम आएंगे व अमृत वाटिका उनकी अमरत्त्व की गाथा सदैव ही सुनाएगी।
मौके पर दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच आया है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed