बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
जिला भाजपा ने भाजपा कार्यालय में श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस की पूर्व संध्या पर विचार संगोष्ठी का आयोजन किया। भाजपा 6 जुलाई तक जिला से लेकर पंचायत स्तर तक में डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस के रूप में मनाएगी और साथ ही वृक्षारोपण का कार्यक्रम भी करेगी।
जिला कार्यालय में भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रकाश मुखर्जी के बलिदान दिवस के पूर्व विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर विचार गोष्ठी का शुभारंभ किया।
साथ ही राजकिशोर सिंह एवं बछवाड़ा विधायक सुरेंद्र मेहता ने भाजपा कार्यालय तथा बाघा मध्य विद्यालय प्रांगण में पौधारोपण किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजकिशोर सिंह ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सच्चे अर्थों में मानवता के उपासक व सिद्धांतवादी थे। राष्ट्रवाद के प्रबल समर्थक थे। राष्ट्रीय हितों की प्रतिबद्धता को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता मानने के कारण उन्होंने मन्त्रिमण्डल से त्यागपत्र देकर भारतीय जनसंघ पार्टी की स्थापना की। एक देश, दो विधान दो निशान दो प्रधान नहीं चलेगा के नारो साथ उनका बलिदान भी देश के संविधान बचाने की लड़ाई लड़ने हेतु हुई।
उनका मानना था कि हम सब एक ही रक्त के हैं। एक ही भाषा, एक ही संस्कृति और एक ही हमारी विरासत है।
डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर आयोजित विचार संगोष्ठी को संबोधित करते हुए बछवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक सुरेंद्र मेहता ने कहा कि संसद में अपने भाषण में डॉ॰ मुखर्जी ने धारा-370 को समाप्त करने की भी जोरदार वकालत की। जम्मू की विशाल रैली में उन्होंने अपना संकल्प व्यक्त किया था कि या तो मैं आपको भारतीय संविधान प्राप्त कराऊँगा या फिर इस उद्देश्य की पूर्ति के लिये अपना जीवन बलिदान कर दूँगा और उनके संकल्प को नरेंद्र मोदी की अगुआई वाली सरकार ने पूरा किया तथा जम्मू-कश्मीर को अपना संविधान दिया।
आज हम सभी कार्यकर्ता उन्हीं के पद चिन्हों पर चलकर राष्ट्रवाद व देशप्रेम की भावना से निरंतर समाज व देश की सेवा में लगे रहते हैं।
मौके पर जिला उपाध्यक्ष अनिल प्रसाद सिंह, विरजू मल्लिक, मृत्युंजय कुमार वीरेश, गौतम सदा जिला मंत्री बबलेश पार्थ सारथी, राकेश पांडे, कोषाध्यक्ष रामकल्याण सिंह उपस्थित थे।


