बेगूसराय ::–
विजय कुमार सिंह ::–
28 फरवरी 2021, रविवार
विकासशील इंसान पार्टी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने आज वीर कुंवर सिंह चौक पर हाथ जोड़कर गांधीगिरी के माध्यम से राहगीरों से कोरोना संक्रमण के बचाव के लिए मास्क पहनने की गुजारिश की। राहगीरों से हाथ जोड़कर ट्रैफिक नियमों का पालन करके दुर्घटनाओं से बचने की भी अपील की गई।
इस मौके पर विकासशील इंसान पार्टी युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष समीर सिंह चौहान ने कहा की कोरोना का खतरा पूरी तरह से टला नहीं है। जब तक टीकाकरण का काम संपूर्ण रूप से समाप्त नहीं हो जाता। हम लोगों को पूरी तरह से सावधान रहने की जरूरत है। कोरोनावायरस की दूसरी लहर आने की प्रबल आशंका है। संक्रमण की दर में लगातार इजाफा हो रहा है। सरकार के द्वारा लगातार मास्क पहने की अपील की जा रही है। बिना मास्क के चलने पर फाइन काटने तक की व्यवस्था की गई है।
इसके बावजूद बेगूसराय वासी कोरोनावायरस के खतरे को नजरअंदाज कर बिना मास्क के घूम रहे हैं। मास्क का उपयोग कर कोरोनावायरस के संक्रमण को काफी हद तक टाला जा सकता है। आज गांधीगिरी के माध्यम से हम लोगों ने राहगीरों से मास्क पहनकर चलने की अपील की है। जिससे कोरोनावायरस के खतरे से खुद को सुरक्षित रखते हुए समाज को भी सुरक्षित रखा जा सके।
बेगूसराय में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। यातायात के नियमों का पालन करके सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। गांधीगिरी के माध्यम से यातायात के नियमों के पालन की अपील वीआईपी कार्यकर्ताओं के द्वारा की गई। कार्यक्रम का नेतृत्व विकासशील इंसान पार्टी युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष ठाकुर कुंदन कुमार शर्मा ने किया।
मौके पर जनक सिंह, राजा कुमार, भूषण कुमार, नंदन कुमार, ओंकार रजक, बीरबल साहनी, अखिलेश साहनी, मोहम्मद सत्तार उपस्थित थे।