बेगूसराय ::–
@ उत्साह के साथ सैकड़ों धावकों ने लिया भाग
@ पुरस्कार वितरण हेतु बेहतर प्रदर्शन करने वाले 6 बालिका सहित 33 खिलाड़ियों का किया गया चयन
@ स्वामी विवेकानंद ने विश्व को कराया वेदांत दर्शन – अरविंद जी
विजय कुमार सिंह ::–
11 सितम्बर 2020 शुक्रवार
आज उत्तर बिहार प्रांत के आह्वान पर क्रीड़ा भारती, बेगूसराय के द्वारा चेतना दिवस लंबी दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन उलाव हवाई अड्डे के मैदान में किया गया।
जिसमें उत्साह के साथ 25 महिला धावक सहित लगभग 150 धावकों ने भाग लिया। यह प्रतियोगिता 2 किलोमीटर की थी।
इस अवसर पर आरएसएस के विभाग प्रमुख अरविंद जी, बीटीएमयू के जिला सचिव ललन लालित्य, वरिष्ठ स्वयंसेवक सह समाजसेवी ललन सिंह, युवा भाजपा नेता मनीष कुमार, एबीवीपी छात्रसंघ के जी डी कॉलेज अध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार, शिक्षिका नेत्री बेनुजा कुमारी ने खिलाड़ियों को संबोधित किया।
कार्यक्रम का संचालन क्रीड़ा भारती के जिला मंत्री रणधीर कुमार ने की, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला सह मंत्री बाबुल कुमार ने किया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ बेगूसराय के विभाग प्रमुख अरविंद जी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा की आज से 127 वर्ष पूर्व 1893 ई. में अमेरिका के शिकागो में आयोजित धर्म संसद में भाग लेते हुए बहुमुखी प्रतिभा एवं मुखर आवाज के धनी स्वामी विवेकानंद ने सनातन धर्म का प्रतिनिधित्व करते हुए जो शंखनाद किया। वह आज भी याद किया जाता है। इसी परिपेक्ष्य में प्रत्येक वर्ष 11 सितंबर को क्रीड़ा भारती देश भर में युवाओं के बीच में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कराती है और इस दिवस को राष्ट्रीय चेतना दिवस के रूप में मनाती रही है।
उन्होंने कहा कि धर्म संसद में स्वामी विवेकानंद के द्वारा दिए गए ऐतिहासिक भाषण को आज भी लोग सुनकर उस पर अमल करते हैं। स्वामी जी ने ऐतिहासिक भाषण देकर दुनिया का ध्यान भारतीय संस्कृति और सभ्यता की ओर खींचा था। क्रीड़ा भारती खिलाड़ियों के हितों की रक्षा के लिए कृत संकल्पित है।
इस कोरोना काल में भी क्रीड़ा भारती बेगूसराय का प्रयास सराहनीय रहा है। जिसके बल पर आज सैकड़ों खिलाड़ी इस अवसर पर एकजुट होकर इस प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं हम क्रीड़ा भारती बेगूसराय सहित खिलाड़ियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं।
बीटीएमयू के सचिव ललन लालित्य ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल युवाओं को जोड़ने का सबसे बड़ा माध्यम है। क्रीड़ा भारती का यह प्रयास काबिले तारीफ है, हमारा हर संभव सहयोग क्रीड़ा भारती सहित खेल खिलाड़ियों को मिलता रहा है एवं आगे भी मिलता रहेगा।
वरिष्ठ स्वयंसेवक सह समाजसेवी ललन सिंह ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का वेदांत दर्शन अमेरिका सहित यूरोप में आज भी प्रसांगिक है। उन्होंने शिकागो के कम्युनिटी हॉल में जब भाषण देते हुए “मेरे अमेरिकी भाइयों एवं बहनों”से प्रारंभ किया तो तालियों की गड़गड़ाहट से हॉल गूंज उठा था। उन्होंने अपने संबोधन में सनातन धर्म की व्याख्या करते हुए संप्रदायिकता, धर्म की कट्टरता एवं हिंसा पर प्रहार करते हुए कहा कि यह बुराई ना होती तो आज दुनिया बहुत ही बेहतर होती, स्वामी विवेकानंद जी के द्वारा दिया गया वह भाषण किसी भी भारतीय का अब तक का सबसे प्रभावी भाषण है। उस दिन को हम लोग चेतना दिवस के रूप में मनाते हुए स्वामी जी को याद करते हैं।
क्रीड़ा भारती ने युवाओं के बीच आयोजन के माध्यम से भारतीय सभ्यता एवं संस्कृति को बढ़ावा देने का संदेश दिया है।
दिवंगत पूर्व संसद भोला बाबू के प्रपौत्र भाजपा नेता सह समाजसेवी मनीष कुमार ने कहा कि स्वामी जी ने विश्व को सहनशीलता, सार्वभौमिक स्वीकृति का पाठ पढ़ाया, वे विश्व के सभी धर्मों को एक संस्था के रूप में स्वीकार करते थे। उन्होंने कहा था कि मैं उस देश से हूं जिसने सभी धर्मों एवं देशों के सताए लोगों को भारत में शरण दी है। आज क्रीड़ा भारती ने चेतना रैली का आयोजन कर युवाओं एवं समाज को एक संदेश देने का कार्य किया है जो आगे चलकर मील का पत्थर साबित होगा।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जी डी कॉलेज अध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार ने कहा कि संघ के अनुषांगिक इकाई चाहे विद्यार्थी परिषद हो या क्रीड़ा भारती अपने कार्यों के माध्यम से सदैव युवाओं को जोड़ने एवं प्रेरित करने का कार्य किया है यह संस्कार एवं सीख स्वामी विवेकानंद जी जैसे महान पुरुषों से सीखने को मिला है।
शिक्षिका नेत्री सह क्रीड़ा भारती की जिला उपाध्यक्ष वेनुजा कुमारी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद महान दार्शनिक थे। जिन्होंने सनातन धर्म को पूरे विश्व में आगे बढ़ाने का कार्य किए थे। शिकागो के सम्मेलन में उनका दिया भाषण आज भी याद किया जाता है। उन्होंने कहा था कि इस सम्मेलन का शंखनाद मनुष्यों के बीच दुर्भावनाओं का नाश करेगा।
क्रीड़ा भारती के जिला मंत्री रणधीर कुमार ने कहा कि क्रीड़ा भारती, बेगूसराय का प्रयास है कि युवाओं के बीच निरंतर खेलों के माध्यम से उन्हें संगठन से जोड़ा जाए। इसी कड़ी में राष्ट्रीय खेल दिवस से लेकर आज चेतना दिवस के बीच खेल पखवारा का आयोजन किया गया।
जिसके अंतर्गत मेजर ध्यानचंद जयंती समारोह, मेजर ध्यानचंद पेंटिंग प्रतियोगिता, चेतन चौहान, स्मृति क्रीडा, ज्ञान प्रतियोगिता एवं चेतना रैली का आयोजन किया गया है।
आज इस दौड़ प्रतियोगिता में 6 लड़कियों सहित कुल 33 धावकों का चयन पुरस्कार वितरण हेतु किया गया है।
क्रीड़ा भारती, बेगूसराय द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के सफल प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरण के लिए आगामी 20 सितंबर को खिलाड़ी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया है।
क्रीड़ा भारती उत्तर बिहार प्रांत के अध्यक्ष चंद्रशेखर अधिकारी जी एवं प्रांत मंत्री अमित कुमार ठाकुर जी की उपस्थिति होगी।
हम आज के कार्यक्रम में भाग लेने वाले तमाम खिलाड़ियों एवं अतिथियों के प्रति कृतज्ञ हैं। जिन्होंने इस कार्यक्रम में अपनी सहभागिता प्रदान कर इसे सफल बनाया है।
इस अवसर पर जिला खेल संयोजक विश्वजीत कुमार, एथलेटिक्स संघ के जिला सचिव दीपक कुमार दीप, बॉल बैडमिंटन संघ के जिला सचिव विकास कुमार, क्रीड़ा भारती के जिला सह मंत्री बाबुल कुमार, दिव्यांग प्रमुख रवि कुमार, एलएनएमयू के सीनेट सदस्य चंदन कुमार, शारीरिक शिक्षक पंकज पंडित, अशोक सिंह, रामबाबू सिंह, चिरंजीवी ठाकुर, रोशन कुमार, चंदन कुमार, अमन कुमार, शिक्षक अमित अमित कुमार, संतोष कुमार, क्रिकेट कोच राकेश रोशन, दीपक कुमार, स्थानीय संगठन के कार्यकर्ता समीर कुमार, दिनकर कुमार, आशीष कुमार, रमन कुमार बिट्टू, अमरजीत कुमार, अभिजीत एवं गोपाल कुमार मौजूद थे। जिन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना योगदान किया।




