Fri. Dec 26th, 2025

बेगूसराय :: खेल विभाग ने राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर पुष्पांजलि अर्पित कर हॉकी के जादूगर को दी श्रद्धांजलि

बेगूसराय ::–

विजय श्री ::–

29 अगस्त 2020 शनिवार

हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय खेल दिवस के शुभ अवसर पर खेल विभाग बेगूसराय ने मेजर ध्यानचंद जी की जयंती समारोह मनाया गया।

इस अवसर पर उपस्थित उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा  निशांत कुमार सहित कोच एवं खिलाड़ियों ने मेजर ध्यानचंद जी के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनको याद करते हुए अपने विचारों को रखा।

उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा निशांत कुमार ने कहा कि इस कोरोना काल में खेलों का महत्व और भी ज्यादा बढ़ गया है। खेल अब तन-मन स्वस्थ रखने के साथ ही पैसा कमाने और कैरियर बनाने का भी अच्छा माध्यम बन गया है।आज राज्य से लेकर केंद्रीय सरकार तक खेल कोटे से विभिन्न क्षेत्रों में बहाली निकल रही है। जिसके माध्यम से खिलाड़ी अपना कैरियर बना रहे हैं।

हम युवाओं से आग्रह करते हैं कि खेल को अपने जीवन का अंग बनाएं। इससे एक और जहां आपका स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। वही आप आगे चलकर नौकरी भी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने हॉकी को अपनाकर जहां एक और अपना कैरियर बनाया वहीं हॉकी खेल के कारण आज उन्हें समस्त भारत पूजता है। यह उनके खेल का ही प्रभाव था कि भारत सरकार ने उनके जन्मदिन को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था।

जिला खेल संयोजक विश्वजीत कुमार ने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने अपने खेल के दम पर लगातार तीन ओलंपिक खेलों में भारत को हॉकी में स्वर्ण पदक दिलाया था। जिसके कारण उन्हें हॉकी का जादूगर कहा जाता है।तत्कालीन जर्मनी सरकार से अच्छे ऑफर मिलने के बाद भी उन्होंने देश प्रेम की खातिर उनका ऑफर ठुकराते हुए हमेशा भारत के लिए हॉकी खेला। आज उनके नाम पर कई स्टेडियम एवं पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं।

शारीरिक शिक्षक रणधीर कुमार एवं कबड्डी के कोच भवेश कुमार ने कहा कि आज बिहार सरकार खेल कोटे से सिपाही सहित सचिवालय में विभिन्न पदों पर कर्मचारियों की बहाली, खेल कोटे से कर रही है। वही भारत सरकार ने खेलों को बढ़ावा देने के लिए फिट इंडिया मूवमेंट कार्यक्रम की शुरुआत देशभर में की है। जिससे आने वाले समय में खेलों का निश्चित रूप से महत्व बढ़ने के साथ ही नए खिलाड़ियों का उदय होगा।

राष्ट्रीय खिलाड़ी रागिनी कुमारी, आस्था कुमारी, रानी परवीन ने कहा कि आज हम लोग खेल की बदौलत ही जिला ही नहीं वरन राज्य सरकार से भी एक और जहां सम्मान प्राप्त हुआ है। वही खेल से ही हमें पहचान भी मिला है इसलिए हम युवा साथी खिलाड़ियों से आग्रह करते हैं कि लक्ष्य निर्धारित कर आप खेल को अपने जीवन का अंग बना लें तो आप निश्चित रूप से एक सफल खिलाड़ी के साथ एक सफल इंसान बन सकते हैं।

कोच गोविंद कुमार, विकास कुमार एवं मणिकांत ने कहा कि बेगूसराय खेल के क्षेत्र में काफी उर्वर भूमि रहा है यहां से सैकड़ों खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए आज विभिन्न विभागों में खेल के बल पर नौकरी कर रहे हैं जरूरत है नए एवं युवा खिलाड़ियों को स्थानीय एवं सरकारी स्तर पर मदद उपलब्ध कराया जाए ताकि वे भी अच्छा प्रदर्शन कर सकें।

इससे पूर्व आज एनआईसी कार्यालय, बेगूसराय में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर कला-संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार, पटना के द्वारा आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा निशांत कुमार सहित बेगूसराय के कोच एवं खिलाड़ियों ने भाग लिया।

जिसमें बिहार के उपमुख्यमंत्री माननीय सुशील मोदी, खेल मंत्री प्रमोद कुमार, खेल विभाग के प्रधान सचिव, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के निदेशक सहित कई राष्ट्रीय खिलाड़ियों ने अपने विचार को ऑनलाइन रखते हुए बिहार में खेल को आगे बढ़ाने के लिए कार्य करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा बेगूसराय निशांत कुमार, जिला खेल संयोजक विश्वजीत कुमार, शारीरिक शिक्षक रणधीर कुमार, मणिकांत कुमार, राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी सह कोच भवेश कुमार, कराटे संघ के जिला सचिव सह कोच गोविंद कुमार, बॉल बैडमिंटन संघ के जिला सचिव सह कोच विकास कुमार, मो. फुरकान, बॉल बैडमिंटन के राष्ट्रीय खिलाड़ी आकाश कुमार, कराटे की राष्ट्रीय खिलाड़ी आस्था कुमारी, ताइक्वांडो की राष्ट्रीय खिलाड़ी रानी प्रवीण, रागिनी कुमारी एवं कार्यालय सहायक अरविंद मिश्रा उपस्थित थे।

 

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed